खड़ी कार बनी आग का गोला, पूरी तरह जलकर खाक
हरिद्वार, 16 अप्रैल (हि.स.)। जनपद के सिविल लाइन रूड़की कोतवाली क्षेत्र स्थित सत्ती मोहल्ला के इंदिरा पार्क के पास बुधवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक खाली प्लॉट में खड़ी कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और यूके 07 डी 3498 कार, जो मंगलौर निवासी फहीम की बताई जा रही है, जलकर खाक हो गई।
जानकारी के अनुसार, वाहन को उनके एक मित्र के घर के बाहर खड़ा किया गया था, तभी अचानक उसमें धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में आग पूरी कार में फैल गई। कॉलोनीवासियों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी।
दमकल कर्मियों के अनुसार समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आग आसपास के वाहनों और मकानों तक नहीं फैल सकी। साथ ही कार में लगे पेट्रोल टैंक को भी फटने से बचा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
फायर विभाग के फायरमैन अतर सिंह राणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। घटना की सूचना पर कार मालिक फहीम भी मौके पर पहुंचे और अपनी जली हुई कार देखकर स्तब्ध रह गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दमकल विभाग समय पर नहीं पहुंचता, तो आग आसपास के घरों और अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला