सोनाली पुल से नदी में गिरी कार, पांच गंभीर
हरिद्वार, 10 मई (हि.स.)। जनपद के लक्सर क्षेत्र में सोनाली नदी पुल पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रुड़की की ओर जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नदी में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि सूचना मिली थी कि सोनाली नदी पुल पर एक कार अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई है। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पुल पर लंबा जाम लग गया। लक्सर पुलिस पे मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कार में कुल पांच लोग सवार थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से रुड़की अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घायलों की पहचान रचना पत्नी जसवीर निवासी मुंडाखेड़ा खुर्द, सोनी पत्नी अनिल निवासी दाबकी महेश्वरी, कोमल पत्नी अमन निवासी मारकपुर, श्रीकांत पुत्र सुरेश निवासी बिजनाखेड़ी थाना नकुड़ सहारनपुर तथा अनिल पुत्र राजेन्द्र निवासी दाबकी महेश्वरी के रूप में हुई है। कार पुल से नीचे गिरने के बाद पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बाद में ट्रैक्टर की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला