बड़कोट महाविद्यालय में अध्यक्ष पद पर एवीबीपी के सौरभ ने मारी बाजी
उत्तरकाशी, 29 सितंबर (हि.स.)। राजेंद्र सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय बड़कोट में छात्रसंघ निर्वाचन सत्र 2026-27 के चुनाव मंगलवार को सम्पन्न हुए तथा चुनाव परिणाम भी घोषित कर दिया गया है। महाविद्यालय में कुल 375 मतदाताओं में से 320 विद्यार्थियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां छात्र संघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एवीबीपी) का पूरा दबदबा रहा है।
महाविद्यालय के छात्र संघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर एवीबीपी के सौरभ ने 136 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 28 मत से पराजित किया। वहीं उपाध्यक्ष पद पर नमन पंवार, कोषाध्यक्ष पद पर दिया राणा, सचिव पद पर आयुष मालियान, सह सचिव पद पर शीतल तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर सिद्धांत रावत निर्वाचित हुए हैं।
उक्त सभी विजयी प्रत्याशी एवीबीपी छात्र संगठन के समर्थित हैं।
महाविद्यालय के छात्र संघ में मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा चुनाव परिणाम घोषित किया गया। जिसके बाद महाविद्यालय परिसर में विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने खुशी जताई। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की अपेक्षा की।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल