चोपड़ियूं जीआईसी में नई पीटीए और विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन
पौड़ी गढ़वाल, 22 अगस्त (हि.स.)। राजकीय इंटर कॉलेज चोपड़ियूं में शिक्षक-अभिभावक संघ ( पीटीए) और विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक हरेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों और विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। इस दौरान गत वर्ष की कार्यकारिणी के कार्यों और आय-व्यय का ब्यौरा भी प्रस्तुत किया गया।
बैठक में मौजूद अभिभावकों ने विद्यालय के शैक्षणिक स्तर में सुधार और विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। प्रधानाचार्य रमेश चंद्र सिंह गुसाईं ने अभिभावकों के सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीटीए की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। विपिन पंत को अध्यक्ष, दिगंबर सिंह नेगी को उपाध्यक्ष, दिलबर नेगी को कोषाध्यक्ष और प्रधानाचार्य रमेश चंद्र सिंह गुसाईं को पदेन सचिव बनाया गया। शिक्षक सदस्य के रूप में अनूप बडथ्वाल और प्रकाश चौहान को जिम्मेदारी दी गई। वहीं अंजू देवी, मधु देवी, रीता देवी, ममता देवी, लक्ष्मी देवी और मनीषा देवी सहित अन्य अभिभावकों को कार्यकारिणी में शामिल किया गया।
विद्यालय प्रबंधन समिति में उषा देवी को अध्यक्ष, अंजू देवी को उपाध्यक्ष और प्रधानाचार्य रमेश चंद्र सिंह गुसाईं को सचिव चुना गया। समिति में सोनम बहुगुणा, नीलम देवी, संगीता देवी और संजय पंत को सदस्य बनाया गया। बैठक का संचालन अनूप बडथ्वाल और प्रकाश चौहान ने संयुक्त रूप से किया। इसमें करीब 70 से 80 अभिभावकों ने भाग लिया। विद्यालय के शैक्षणिक और सर्वांगीण विकास को लेकर सभी ने मिलकर काम करने का संकल्प लिया। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह