कैंची धाम मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
नैनीताल, 13 जून (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम में बाबा नीब करौरी महाराज के आश्रम के प्राण प्रतिष्ठा दिवस के आगामी 15 जून को प्रस्तावित मेले के लिये श्रद्धालुओं का उमड़ना अभी से शुरू हो गया है। शनिवार को आयोजन से दो दिन पूर्व ही सुबह से ही मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा और प्रशासनिक जानकारी के अनुसार अपराह्न तक ही लगभग 25 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर चुके थे। मेले के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।
कुमाऊं परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी स्वयं मेला क्षेत्र में पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे थे। डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कैंची धाम के लिए स्थापित मुख्य नियंत्रण कक्ष, फॉरेस्ट बैरियर, पार्किंग स्थलों, शटल सेवा केंद्रों तथा अन्य संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि वन विभाग के बैरियर से आगे श्रद्धालु पैदल ही मंदिर तक पहुंचेंगे, जिससे यातायात सुचारु बना रहे और पैदल यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा का व्यवस्थित संचालन किया जा रहा है। भवाली रोड स्थित वन विभाग के बैरियर को शटल सेवा का प्रमुख केंद्र बनाया गया है, जहां से श्रद्धालुओं को आगे भेजा जा रहा है।
आईजी निवेदिता कुकरेती एवं एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बैरियरों, पार्किंग स्थलों और यातायात व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा किसी भी कमी को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
बताया कि पुलिस अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम यातायात सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सहायता के लिए पुलिस बल को सेवा भाव के साथ ड्यूटी करने को कहा गया है। पुलिस के अनुसार मेला क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और श्रद्धालु व्यवस्थित ढंग से बाबा के दर्शन कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी