टिहरी में 9वीं राज्य स्तरीय सीनियर बालक-बालिका वर्ग की तीरंदाजी प्रतियोगिता शुरू
नई टिहरी, 17 अक्टूबर (हि.स.)। जिला मुख्यालय के बौराड़ी स्टेडियम में 9वीं राज्य स्तरीय सीनियर बालक-बालिका वर्ग की तीरंदाजी प्रतियोगिता शुरू हो गई। दो दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 130 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। जिनके उत्तराखंड पुलिस, गढ़वाल राइफल्स और कुमाऊं रेजिमेंट सहित कई टीमें शामिल हैं।
शनिवार को बौराड़ी स्टेडियम में विधायक किशोर उपाध्याय और डीएम नितिका खंडेलवाल ने राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उत्तराखंड तीरंदाजी संघ और जिला खेल विभाग की ओर से आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी मेघालय के शिलांग में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। उत्तराखंड तीरंदाजी संघ के सचिव राजेंद्र तोमर ने बताया कि देवभूमि उत्तराखंड में तीरंदाजी को बढ़ावा देने और प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से प्रतियोगिता आयोजित की जा रही हैं।
देहरादून के बाद अब टिहरी में प्रतियोगिता कराई जा रही है। आगामी समय में चमोली सहित प्रदेश के अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी इस खेल को प्रोत्साहित कर खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए जाएंगे। बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन रिकर्व बालक, कंपाउंड बालिका और इंडियन राउंड बालक और बालिका वर्ग के मुकाबले कराए गए। बालिका वर्ग में मानसी प्रथम, सनाया भंडारी द्वितीय और तोशी जनार्दन तृतीय स्थान पर रही। रिकर्व महिला वर्ग में अनन्या प्रथम, दिव्यांशी भंडारी द्वितीय और कीर्ति नवियाल तृतीय रही।
इंडियन राउंड बालक वर्ग में अतुल वर्मा प्रथम, आर्यन द्वितीय और शनि कुमार तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता के दूसरे दिन आज ओलंपिक राउंड के मुकाबले कराए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी