पटेल और टैगोर सदनों को मिली विजेता ट्रॉफी

 


नैनीताल, 01 नवंबर (हि.स.)। बिड़ला विद्या मंदिर नैनीताल का 79वां वार्षिकोत्सव रविवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। वार्षिकोत्सव में विद्यालय के पूर्व छात्र-अभिनेता एवं निर्देशक प्रमोद पाठक मुख्य अतिथि रहे। समारोह में विद्यार्थियों ने खेल, विज्ञान, कला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान शैक्षणिक और खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं सदनों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत एनसीसी विंग की ओर से मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर देने के साथ हुई। प्रधानाचार्य अनिल शर्मा ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर सत्र 2026-27 की शैक्षणिक, खेल एवं सह-शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी दी और आभार जताया। प्रमोद पाठक ने विद्यालय के दिनों को याद करते हुए शिक्षकों के प्रति आभार जताया और परिसर में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की।

विद्यार्थियों ने मास पीटी, ताइक्वांडो, म्यूजिकल ड्रिल और बैंड की प्रस्तुति दी। जूनियर स्कूल में पटेल सदन तथा सीनियर स्कूल में टैगोर सदन को वर्ष की विजेता ट्रॉफी प्रदान की गई। बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र और पदक देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि ने विज्ञान, कला, सामाजिक विज्ञान, भाषा, मनोविज्ञान और शिल्प प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में वंदना, ऑर्केस्ट्रा, हिंदी-अंग्रेजी नाटक और समूह नृत्य प्रस्तुत किये गये। समारोह में विद्यालय के वित्त प्रबंधक संजय कुमार गुप्ता, राकेश मोलाशी, पृथ्वीराज किरौला, लीला बिष्ट, केदार सिंह गड़िया, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी