टिहरी में डीएम के जनता दरबार में दर्ज हुईं 74 जन समस्याएं
नई टिहरी, 24 अगस्त (हि.स.)। डीएम नितिका खंडेलवाल ने जनता मिलन कार्यक्रम में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधार कार्ड, पुनर्वास सहित अन्य विभागों से संबंधित 74 जन शिकायतें सुनी। अधिकांश शिकायतें मौके पर ही निस्तारित कीं। साेमवार को कलेक्ट्रेट में डीएम नितिका की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन में नरेंद्रनगर के कखील निवासी अशोक कुमार ने ग्रामीणों के आधार कार्ड बनवाने, प्रियंका ने पिता का दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी करने, मथलाऊ की रंजीता देवी ने पीएम आवास की पात्रता सूची में नाम शामिल न होने की शिकायत की।
पनियाला की गंगा देवी ने वन विभाग के माध्यम से बांज, बुरांश एवं अन्य पौधे उपलब्ध कराने, नारायण सिंह ने कस्तल-मंदार मोटर मार्ग का प्रतिकर भुगतान, सुनील थपलियाल ने जौनपुर रेंज के वन कर्मियों के कार्यालय में नियमित उपस्थिति न होने, पुजार गांव के वासुदेव सिंह ने लोनिवि की सड़क से घर को खतरे संबंध में अवगत कराया। हुकुम सिंह रावत ने मदननेगी स्थित यूनियन बैंक से संबंधित समस्या रखी। डीएम ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इस मौके पर सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एडीएम शैलेंद्र नेगी, पीडी डीआरडीए ज्योति, सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, डीडीओ मो. असलम मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी