एकेश्वर में पिछले 9 वर्षों में विकास के हुए कई कार्य : महाराज
पौड़ी गढ़वाल, 29 मई (हि.स.)। चौबट्टाखाल विधानसभा के विकासखण्ड एकेश्वर के पणखेत में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और रोजगार, चारधाम सड़क, रेल कनेक्टिविटी, मेडिकल कॉलेज और स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से निरंतर विकास की गंगा बह रही है।
शुक्रवार को आयोजित शिविर में महाराज ने कहा कि विधान सभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के अर्न्तगत विकासखण्ड एकेश्वर में पिछले 9 वर्षों में विकास के अनेक कार्य हुए हैं। बहुप्रतिक्षित 2 पम्पिग पेयजल योजनाएं भूम्या डांडा तथा ज्वाल्पा देवी ग्राम समूह पम्पिग पेयजल योजनाओं के लिए 44 करोड़ 18 लाख 82 हजार रूपये स्वीकृत किये गये। इस विकास खण्ड़ में पेयजल निगम द्वारा 31 करोड़ 64 लाख 93 हजार रूपये स्वीकृत किये, सभी योजनाओं पर 75 प्रतिशत से अधिक का कार्य पूर्ण हो चुका है। जल संस्थान द्वारा जल-जीवन मिशन के तहत पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 14 करोड़ 67 लाख 93 हजार रूपये स्वीकृत किए गए।
कहा कि राजकीय सिंचाई के अन्तर्गत बाढ़ सुरक्षा, भू-कटाव रोधी पुस्ते, नहर मरम्मत के अन्तर्गत विकासखण्ड में कुल 30 योजनाओं पर 8 करोड़ 52 लाख की धनराशि के कार्य किये गये। सतपुली से ज्वालपा पुल तक तैतीस करोड की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग का चौडीकरण, सुदृढीकरण व डामरीकरण का कार्य किया गया। जन सुनवाई के तहत बहुउद्देशीय शिविर में 19 दिव्यांगों को विकलांग प्रमाण पत्र वितरित करने के साथ-साथ शिकायत काउंटर पर 58 शिकायतें एवं 55 मांग पत्र सहित कुल 113 पत्र भी प्राप्त हुए।
इस मौके पर पूर्व मंत्री अमृता रावत, भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुयश रावत, मोहिना रावत, ब्लाक प्रमुख पंकज बिष्ट, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, जिला विकास अधिकारी मनविन्दर कौर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष आरती नेगी, जिला पंचायत सदस्य दीपिका ईष्टवाल, मण्डल अध्यक्ष राकेश नैथानी आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह