चंबा ब्लाक के 43 शिक्षकों को शिक्षा विभाग ने किया सम्मानित

 


नई टिहरी, 05 सितंबर (हि.स.)। शिक्षक दिवस पर शनिवार को नगर पालिका हॉल बौराड़ी में आयोजित समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को मुख्य अतिथि सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने सम्मानित किया। सीडीओ ने कहा कि शिक्षक ही राष्ट्र निर्माण की नींव है।

शिक्षकों को छात्रों के प्रति निष्ठावान रहकर उन्हें हमेशा आगे बढ़ाने के लिए तत्पर रहना चाहिए। नगर पालिकाध्यक्ष टिहरी मोहन सिंह रावत, चंबा शोभनी धनोला, ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण, विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दयाराम और डीईओ (माध्यमिक) वीपी सिंह ने शिक्षकों को सम्मानित किया। बताया गया कि समारोह में प्राथमिक स्कूल के 12, उच्च प्राथमिक स्कूल के 9, माध्यमिक के 22 सहित कुल 43 शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और शॉल भेटकर सम्मानित किया गया।

वहीं अपनी पुत्री की शादी को शराबमुक्त तरीके से संपन्न कराने पर नगर पालिका टिहरी की ओर से सीमा रावत को 2100 रूपये की धनराशि देकर सम्मानित किया। इस दौरान विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम में बीईओ चंबा तस्लीम कुरैशी, डायट प्राचार्य दीपक रतूड़ी, टीटी राणा, चक्रधर प्रसाद भद्री, मुकेश चमोली, भरत राम बडोनी, मंगत सिंह नेगी, लाखी सिंह असवाल, मनोज असवाल, राजेंद्र मिश्रवाण आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी