गत वर्ष की तुलना में टिहरी में सड़क दुर्घटनाओं में 41 फीसदी वृद्धि

 


नई टिहरी, 29 सितंबर (हि.स.)। डीएम नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जनवरी से अगस्त माह तक जिले में हुई सड़क दुर्घटनाओं, उनके कारणों और रोकथाम के उपायों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने दुर्घटनाओं का माहवार, क्षेत्रवार, थानेवार, वाहनवार और मार्गवार तुलनात्मक विवरण प्रस्तुत किया।

मंगलवार को जिला सभागार में हुई बैठक में बताया गया कि गत वर्ष अगस्त माह तक 43 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं, जबकि 2026 में यह संख्या बढ़कर 61 हो गई। जो करीब 41 प्रतिशत की वृद्धि है। अप्रैल और जून में दुर्घटनाओं की संख्या सर्वाधिक रही। विभागीय विश्लेषण में अंधे मोड़, लापरवाही से वाहन चलाना और वाहन चलाते समय चालक का ध्यान भटकना प्रमुख कारण सामने आए। बैठक में डीएम ने प्रवर्तन कार्रवाई की भी समीक्षा की। एआरटीओ राजेंद्र बिराटिया ने बताया कि अगस्त माह तक 4550 चालान किए गए।

वहीं पुलिस विभाग ने भी 40339 चालान किए। डीएम ने पुलिस, लोनिवि और एनएच के अधिकारियों को अंधे मोड़ों को चिन्हित कर सर्वे कराने और सुधारात्मक कार्य करने के निर्देश दिए। देवप्रयाग क्षेत्र में अधिक दुर्घटनाओं को देखते हुए एएनपीआर कैमरों की संख्या बढ़ाने को कहा। ढलान वाले मार्गों पर तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान कार्रवाई बीआरओ के माध्यम से रंबल स्ट्रिप्स लगाने की कार्रवाई 15 दिन में पूरी करने के निर्देश दिए। सड़क किनारे झाड़ियों की कटान भी प्राथमिकता से कराने को कहा। सभी संबंधित विभागों को 15 दिन में कार्य पूरा कर जियो-टैग फोटोग्राफ सहित अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में एसएसपी श्वेता चौबे, एडीएम शैलेंद्र नेगी, लोनिवि एसई केएस नेगी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी