कुमाऊँ विश्वविद्यालय में चार नए निःशुल्क कौशल आधारित प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम होंगे शुरू

 


नैनीताल, 20 जुलाई (हि.स.)। कुमाऊँ विश्वविद्यालय के पर्यटन एवं आतिथ्य सत्कार प्रबंधन विभाग द्वारा उत्तराखंड कौशल विकास सोसाइटी तथा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत चार नए अल्पकालिक कौशल आधारित प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम शीघ्र प्रारम्भ किए जाएंगे। सभी पाठ्यक्रम नेशनल स्किल्स क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क (एनएसक्यूएफ) के अनुरूप संचालित होंगे तथा प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क होगा।

विभागाध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार ने बताया कि प्रस्तावित पाठ्यक्रमों में नेचर गाइड, एडवेंचर ट्रेवल गाइड (हाई एल्टीट्यूड), कैंपिंग एंड ट्रैकिंग गाइड तथा जूनियर इंस्ट्रक्टर (रोप एक्टिविटी) शामिल हैं। प्रत्येक पाठ्यक्रम में 30 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा और विभिन्न बैचों के माध्यम से कुल 240 युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण का समस्त व्यय उत्तराखंड सरकार द्वारा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत वहन किया जाएगा।

कुछ पाठ्यक्रमों के लिए संबंधित क्षेत्र का पूर्व अनुभव या ज्ञान आवश्यक होगा, जबकि अन्य पाठ्यक्रमों में सामान्य पात्रता के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा वैध आधार कार्ड होना अनिवार्य है।प्रो. अशोक कुमार ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया शीघ्र प्रारम्भ की जाएगी और प्रवेश ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल राज्य के युवाओं को पर्यटन एवं साहसिक पर्यटन क्षेत्र में कौशल विकास के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी एवं पंजीकरण के लिए कुमाऊँ विश्वविद्यालय के पर्यटन एवं आतिथ्य सत्कार प्रबंधन विभाग, द हर्मिटेज, नैनीताल से संपर्क कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी