26 साल एक ही स्कूल में सेवा, विदाई पर छलक उठीं ग्रामीणों की आंखें
पौड़ी गढ़वाल, 13 सितंबर (हि.स.)। प्राथमिक विद्यालय इठुड़ में 26 वर्षों तक बच्चों को शिक्षा और संस्कार देने वाली प्रधानाध्यापिका कुसुम लता के स्थानांतरण पर ग्रामीण भावुक हो उठे। राजकीय प्राथमिक विद्यालय श्रीखून, विकासखंड कोट में स्थानांतरण के बाद ग्रामीणों ने उनके सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया। ढोल-दमाऊ की थाप के बीच ग्रामीणों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।
समारोह में ग्रामीणों ने कहा कि कुसुम लता ने लंबे समय तक विद्यालय में सेवाएं देते हुए बच्चों की शिक्षा के साथ उनके संस्कार और सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया। 26 वर्षों के दौरान उनका विद्यालय और गांव के लोगों से गहरा जुड़ाव रहा। यही कारण रहा कि स्थानांतरण के बाद आयोजित विदाई समारोह में कई ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।
प्रधानाध्यापिका कुसुम लता ने भी सम्मान समारोह के दौरान ग्रामीणों के प्रति आभार जताते हुए कई लोगों को सम्मानित किया। बुजुर्गों को अंगवस्त्र भेंट किए गए, जबकि महिला मंगल दल को पंचायती बर्तन और पूर्व एवं वर्तमान छात्रों को उपहार दिए गए।
ग्राम प्रधान रुस्तम सिंह रौथाण ने कहा कि कुसुम लता एक आदर्श शिक्षक के रूप में विद्यालय से जुड़ी रहीं। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ संस्कार देने और उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 26 वर्षों तक बच्चों के बीच रहकर उन्होंने शिक्षक के साथ अभिभावक की भूमिका भी निभाई।
इस अवसर पर भगोली देवी, सीता देवी, रश्मि देवी समेत कई ग्रामीणों ने कुसुम लता की सेवाओं को याद करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह