पर्यटन विकास परिषद की 24वीं बोर्ड बैठक में कई अहम प्रस्ताव पारित
देहरादून, 16 जून (हि.स.)। उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद की 24वीं बोर्ड बैठक में राज्य में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने सहित
कई अहम प्रस्ताव मंजूर किए गए। इनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के काॅनक्लेव और ग्लोबल फूड फेस्टिवल आयोजित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
मंगलवार को यहां आईएचएम गढ़ीकैंट में स्थित पर्यटन मुख्यालय में राज्य के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज की अध्यक्षता में पर्यटन विकास परिषद की 24वीं बोर्ड बैठक हुई। बैठक में सभी बोर्ड सदस्यों अथवा उनके नामित प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। बैठक में इंटरनेशनल टूरिज्म काॅनक्लेव और नए आयोजन करने पर सहमति व्यक्त की गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नेशनल काॅनक्लेव कौसानी को मंजूरी दी गई। यह काॅनक्लेव में पहली बार उत्तराखण्ड में आयोजित होगा और इसमें पांच सौ राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पर्यटन विशेषज्ञ सहभागिता करेंगे। नवंबर माह में देहरादून व रामनगर में उत्तराखंड इंटरनेशनल कान्क्लेव, ग्लोबल फूड फेस्टिवल आदि कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
इसके साथ ही विशेष पर्यटन के लिए त्रियुगीनारायण, कार्तिक स्वामी व कैंची धाम के विकास को लेकर भी प्रस्ताव पारित किए गए। इसके अलावा गाइड पात्रता, लाइसेंस नवीनीकरण, अनिवार्य सुरक्षा उपकरण, आयु सीमा, दुर्घटना, दुराचार संबंधी दण्डात्मक प्रावधान तथा लाइसेंस निलंबन/निरस्तीकरण संबंधी संशोधनों को स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे राज्य की नदियों में पर्यटक सुरक्षा और अधिक सुदृढ़ होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल