माउंट अबी गामिन पर आईटीबीपी के 23 पर्वतारोहियों ने फहराया तिरंगा

 


नैनीताल, 22 सितंबर (हि.स.)। आईटीबीपी यानी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के पर्वतारोहण दल ने उत्तराखंड में 7,355 मीटर ऊंचे माउंट अबी गामिन शिखर पर तिरंगा फहराकर नया कीर्तिमान रचा है। उप कमांडेंट परीक्षित साह के नेतृत्व में बल के रिकॉर्ड 23 सदस्यों ने इस अभियान में शिखर पर पहुंचकर यह उपलब्धि प्राप्त की है। उल्लेखनीय है किबल-स्तरीय पर्वतारोहण अभियान-2026 को आईटीबीपी मुख्यालय नई दिल्ली से 7 अगस्त 2026 को महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने रवाना किया गया था।

नैनीताल निवासी उप कमांडेंट परीक्षित साह ने इस उपलब्धि को देवभूमि की आराध्य मां नंदा-सुनंदा को समर्पित किया है। उन्होंने अभियान के दौरान देश की सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल शिखर तक पहुंचने की नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति और आस्था की जीत है। आईटीबीपी के हिमवीर देश की बर्फीली सीमाओं की सुरक्षा के साथ पर्वतारोहण के क्षेत्र में भी लगातार उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी