कोटद्वार में पिकअप से 35 गैस सिलेंडर बरामद, चालक पर होगी एफआईआर

 

पौड़ी गढ़वाल, 13 मार्च (हि.स.)। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन व पूर्ति विभाग की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान कोटद्वार में लालबत्ती चौराहे पर एक पिकअप वाहन से 20 खाली व्यावसायिक गैस सिलेंडर और 15 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए।

उपजिलाधिकारी संदीप कुमार के नेतृत्व में नायब तहसीलदार, बाट-माप निरीक्षक और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर वाहन को पकड़कर सिलेंडरों को जब्त किया। मामले में वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत जिले में कुल 203 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 8 गैस गोदाम, 3 पेट्रोल पंप और 189 व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल रहे। जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर दो मामलों में 4600-4600 रुपये का अर्थदंड लगाया गया, जबकि दो घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।

श्रीनगर में सीओ पुलिस अनुज कुमार, तहसीलदार दीपक भंडारी और पूर्ति निरीक्षक विवेक कैन्तुरा की संयुक्त टीम ने एक गैस गोदाम और दो व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान अवैध रूप से उपयोग में लाए जा रहे दो घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। पूर्ति निरीक्षक विजय डोभाल ने चाकीसैंण क्षेत्र में 16 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया, जहां अनियमितता मिलने पर दो मामलों में 4600 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। पूर्ति निरीक्षक राकेश पंत ने कोट व खोलाचौरी क्षेत्र में 10 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर दो मामलों में 4600 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद में संचालित समस्त गैस एजेंसियों में घरेलू गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है व आपूर्ति भी सुचारू है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह