हल्द्वानी में ऐप से सवारी ढो रहे 18 निजी बाइक सीज

 


हल्द्वानी, 11 जुलाई (हि.स.)। निजी (प्राइवेट) मोटरसाइकिलों से व्यावसायिक रूप से सवारी ढोने वालों के खिलाफ शहर में परिवहन विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी प्रवर्तन कार्रवाई की है। दो दिन के इस विशेष अभियान में विभाग की टीम ने 18 निजी मोटरसाइकिलों को जब्त (सीज) किया। अधिकारियों के अनुसार निजी नंबर प्लेट वाले वाहनों का किराए पर संचालन पूरी तरह अवैध है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

इस पूरी कार्रवाई में अधिकारियों ने खुद ग्राहक बनकर रैपिडो ऐप से बाइक बुक की और चालक तय स्थान पर सवारी छोड़ने पहुंचे तो पहले से मौजूद अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया। इस कार्रवाई से रैपिडो के जरिए बाइक चला रहे चालकों में हड़कंप मच गया

एआरटीओ (प्रवर्तन) अरविंद पांडेय ने कहा कि सफेद रंग की नंबर प्लेट पर काले अक्षरों वाले वाहन केवल निजी उपयोग के लिए पंजीकृत होते हैं। ऐसे वाहनों का किराए पर संचालन या व्यावसायिक उपयोग मोटर वाहन अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है। उनके अनुसार यात्रियों को किराए पर ले जाने के लिए केवल पीली नंबर प्लेट वाले अधिकृत व्यावसायिक वाहन ही वैध हैं। यदि कोई निजी वाहन से सवारी ढोता है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और भारी आर्थिक दंड भी लगाया जा सकता है।

परिवहन विभाग ने सभी निजी वाहन स्वामियों और चालकों को चेतावनी जारी कर कहा है कि वे अपने वाहनों का उपयोग केवल निजी उद्देश्यों के लिए करें। यदि कोई वाहन भविष्य में दोबारा व्यावसायिक उपयोग करते हुए पाया गया, तो उसके पंजीकरण को निलंबित अथवा निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी