15 अक्टूबर तक नैनीताल जिले की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त

 


नैनीताल, 02 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 15 अक्टूबर तक प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सड़क निर्माण एजेंसियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत वर्षा समाप्त होते ही युद्धस्तर पर शुरू की जाए।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को तत्काल आगणन तैयार करने तथा 15 सितंबर तक निविदा प्रक्रिया और गिट्टी, डामर सहित सामग्री की व्यवस्था पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही मशीनरी, संयंत्र, श्रमिक और बजट की व्यवस्था अभी से करने को कहा है।

उन्होंने निर्देश दिए हैं कि 15 सितंबर से 15 अक्टूबर के बीच सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण का कार्य पूरा कर 15 अक्टूबर तक जिले की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए। उन्होंने कार्य में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने और सड़कों को तकनीकी रूप से पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी