नैनीताल में 110 फीट ऊंचा 360 डिग्री का टावर बना आकर्षण का केंद्र
नैनीताल, 15 अप्रैल (हि.स.)। नैनीताल के समुद्र तल से लगभग 2300 मीटर की ऊंचाई पर स्नो व्यू में स्थित माउंटेन मैजिक एडवेंचर पार्क में स्थापित 360 डिग्री का टावर इन दिनों पर्यटकों और रोमांच प्रेमियों के लिए प्रमुख आकर्षण बन गया है। लगभग 110 फीट ऊंचा यह टावर पर्यटकों को तीन मिनट की राइड में नैनीताल शहर के साथ उत्तराखंड की पड़ोसी देश नेपाल से लेकर कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में स्थित हिमालय की पर्वत श्रृंखलाओं का लगभग 360 किमी का विस्तृत दृश्य प्रस्तुत करता है।
टावर के संचालक गौरव आर्या के अनुसार यह उत्तराखंड का पहला 360 डिग्री व्यू टावर है, जिसकी शुरुआत कोरोना के दौरान लॉकडाउन की अवधि में की गई थी। पार्क संचालक अश्विन चौधरी ने बताया कि यहां मात्र 350 रुपये में पर्यटकों को रोमांच और प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत अनुभव मिलता है।
राइड के दौरान पर्यटक ड्रोन के माध्यम से वीडियो और फोटो भी खिंचवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस एडवेंचर पार्क में जिप लाइन, गो कार्टिंग, केबल साइकिल, बंजी जंपिंग और 9डी अनुभव सहित विभिन्न गतिविधियां भी संचालित हैं। पर्यटक भी इस टावर के अनुभव को रोमांचक और अद्वितीय बताते हैं। इस तरह इस टावर से नैनीताल में साहसिक पर्यटन को नयी पहचान व नया आयाम मिल रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी