11 से 19 तक होगा मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेला, सीएम करेंगे उद्घाटन

 

नई टिहरी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेला की 50 वीं वर्षगांठ को धूमधाम से मनाया जाएगा। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार (आज) को रामलीला मैदान नरेंद्रनगर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मेले का विधिवत शुभारंभ करेंगे। नौ दिवसीय मेला का 19 अक्तूबर को समापन होगा।

मेला में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, स्थानीय लोक कलाओं और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखेगी। नगर पालिका नरेंद्रनगर के अध्यक्ष, मेला समिति अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने बताया कि कैबिनेट मंत्री उनियाल की नेतृत्व में आयोजित होने वाले मेले में बॉलीवुड कलाकारों, गढ़वाली लोकगायकों और स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। उद्घाटन दिवस पर पीएसी बैंड, उत्तराखंड पुलिस बैंड, छोलिया नृत्य तथा विद्यालयों के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके साथ ही विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन, शहीद स्मारक पर माल्यार्पण और अतिथियों का सम्मान भी किया जाएगा।

मेले की पहली रात्रि 11 अक्तूबर को पद्मश्री गढ़वाली लोकगायिका डॉ. बसंती बिष्ट एंड पार्टी, लोकगायिका संगीता ढौंडियाल, सुर कोकिला मीना राणा और किशन महिपाल एंड पार्टी की प्रस्तुतियां देंगी। 12 को बॉलीवुड हास्य कलाकार सुदेश लहरी और राजीव ठाकुर स्टेज शो करेंगे। 14 को हिमाचली लोकगायक अजय चौहान और अज्जू तोमर एंड पार्टी, जबकि 15 को गढ़वाल के लोकप्रिय बैंड पांडवाज, 16 को प्रियंका मेहर एंड पार्टी व हेमा नेगी करासी एंड पार्टी, जबकि 17 को गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी एंड पार्टी व दीक्षा बडोनी एंड पार्टी, 18 की रात्रि को बॉलीवुड स्टार एवं पंजाबी गायिका सुनंदा शर्मा की प्रस्तुति होगी। वहीं 19 को समापन अवसर पर पद्मश्री जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण एंड पार्टी सहित स्थानीय कलाकार प्रस्तुति देंगे।

पंवार ने बताया कि 12 अक्तूबर से पुरुष एवं महिला वॉलीबॉल, 13 को बैडमिंटन और टेबल टेनिस, 14 को कैरम एवं शतरंज, 15 को फुटबॉल और ओपन कबड्डी के अलावा 16 अक्तूबर को बेबी शो, भाषण, निबंध व कला प्रतियोगिताएं होंगी। 17 अक्तूबर को 10 किमी की दौड़, राइफल शूटिंग, मेहंदी व रंगोली प्रतियोगिताएं, 18 को बच्चों एवं युवाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक दौड़ और अन्य प्रतियोगिताएं होंगी। जबकि अंतिम दिन 19 अक्तूबर को चौथी बार आयोजित होने वाली जय मां कुंजापुरी लक्की ड्रॉ प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी