कुमाऊं विश्वविद्यालय के 10 विद्यार्थियों का पुणे में इंटर्नशिप के लिए चयन
नैनीताल, 27 अप्रैल (हि.स.)। नैनीताल स्थित कुमाऊं विश्वविद्यालय के आईटीईपी शिक्षा विभाग के 10 विद्यार्थियों का महाराष्ट्र के प्रतिष्ठित संस्कृति ग्रुप ऑफ स्कूल्स में छह माह की इंटर्नशिप के लिए चयन हुआ है। संस्थान की निदेशक डॉ. देवयानी मुनगली द्वारा इन चयनित विद्यार्थियों की सूची के अनुसार चयनित विद्यार्थियों में हर्षिता पंत, इशिता उपाध्याय, अनिमा आर्या, आकांक्षा बोहरा, प्रतिभा रावत, मानसी दानी, प्रतीक्षा जोशी, यशिका उपाध्याय, अश्वनी कुमार यादव तथा कार्तिकेय निगल्टिया शामिल हैं।
कुलपति प्रो.दीवान सिंह रावत ने इसे विद्यार्थियों की मेहनत एवं संस्थान की गुणवत्ता का परिणाम बताते हुए शुभकामनाएं दीं। संकायाध्यक्ष प्रो.अतुल जोशी तथा विभागाध्यक्ष डॉ.अशोक उप्रेती ने भी इसे विभाग के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। बताया गया है कि यह इंटर्नशिप विद्यार्थियों को शिक्षण कौशल, कक्षा प्रबंधन एवं शैक्षिक नवाचारों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेगी, जिससे उनके व्यक्तित्व विकास एवं आत्मविश्वास में वृद्धि होगी।
विश्वविद्यालय ने इसे शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि ऐसे अवसर विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी