‘एक शिक्षक-एक वृक्ष’ अभियान के तहत शाहपुरा महाविद्यालय में हुआ वृक्षारोपण
भीलवाड़ा, 13 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उच्च शिक्षा राजस्थान की शाहपुरा इकाई के तत्वावधान में रविवार को श्री प्रताप सिंह बारहठ राजकीय महाविद्यालय, शाहपुरा में देशव्यापी ‘एक शिक्षक-एक वृक्ष’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सहक्षेत्र कार्यवाह (राजस्थान क्षेत्र) गेंदालाल थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विभाग प्रचारक दीपक तथा जिला प्रचारक केशव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य एवं उच्च शिक्षा राजस्थान के जिला अध्यक्ष डॉ. पुष्करराज मीणा ने की। कार्यक्रम की शुरुआत अमर क्रांतिकारी कुँवर प्रताप सिंह बारहठ की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर में औषधीय एवं छायादार पौधों का रोपण किया।
मुख्य अतिथि गेंदालाल ने कहा कि पर्यावरण असंतुलन आज पूरी दुनिया के सामने गंभीर चुनौती है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि ‘एक शिक्षक-एक वृक्ष’ अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि धरती के प्रति उत्तरदायित्व का अभियान है। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. पुष्करराज मीणा ने कहा कि शिक्षा संस्थान केवल ज्ञान के केंद्र ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के भी प्रेरणा केंद्र बनने चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक शिक्षक और विद्यार्थी वर्ष में कम से कम एक पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन संभव है।
विभाग प्रचारक दीपक और जिला प्रचारक केशव ने कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्षों को देवतुल्य माना गया है। वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण नहीं, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का भी माध्यम है। महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि एक शिक्षक-एक वृक्ष अभियान का उद्देश्य प्रत्येक शिक्षक को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना है, ताकि शिक्षा संस्थानों को हरित एवं स्वच्छ परिसर के रूप में विकसित किया जा सके। अभियान के तहत प्रदेशभर में हजारों पौधे लगाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में सह प्रचार प्रमुख धर्मनारायण वैष्णव, महाविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। संचालन इकाई सचिव डॉ. रंजीत जगरिया ने किया तथा अंत में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद