होम्योपैथी के प्रति किया जागरूक, रैली निकाली

 


जोधपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन् राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के संघटक यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी में विश्व होम्योपैथी दिवस के कार्यक्रम के द्वितीय दिवस पर होम्योपैथी महाविद्यालय में विभिन्न शैक्षणिक एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। होम्योपैथी के प्रति जन-जागरूकता रैली को कुलगुरू प्रोफेसर (वैद्य) गोविन्द सहाय शुक्ल ने प्रशासनिक खंड से हरी झंडी दिखाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया, इस अवसर पर नोडल अधिकारी प्रोफेसर (डॉ) गोविंद प्रसाद गुप्ता, यूसीएच प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ) गौरव नागर, कार्यक्रम समन्वयक डॉ गौरी शर्मा, कॉलेज के विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।

रैली में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर होम्योपैथी के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया। रैली का आयोजन डॉ. नरेन पटवा, डॉ. अभिषेक भारद्वाज एवं डॉ. राहुल ठाकुर के मार्गदर्शन में किया गया। इसके पश्चात दोपहर में निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसका विषय जीवनशैली जनित रोगों में होम्योपैथी की संभावनाएं रहा। इस प्रतियोगिता का संचालन डॉ. गौरी शर्मा एवं डॉ. ऋषिकेश आचार्य द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अगली कड़ी में चार्ट, पोस्टर एवं मॉडल प्रतियोगिता का आयोजन होम्योपैथी महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने होम्योपैथी से संबंधित अपने रचनात्मक विचार प्रस्तुत किए। इस गतिविधि का संचालन डॉ. राजवीर सिंह राठौड़ एवं डॉ. चारुशीला ने किया।

दोपहर बाद वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें वैज्ञानिक प्रमाण और चिकित्सकीय अनुभव में से कौन होम्योपैथी की प्रभावशीलता को अधिक विश्वसनीय रूप से प्रमाणित करता है विषय पर प्रतिभागियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। इस कार्यक्रम का संचालन डॉ. सपना सालोदिया एवं डॉ. प्रियंका कपूर ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश