हेरिटेज, वास्तुकला और अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित जैसलमेर का स्टेशन बनेगा पश्चिमी राजस्थान की नई पहचान
जयपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लगभग 140 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित जैसलमेर रेलवे स्टेशन पूरी तरह तैयार है। हेरिटेज वास्तुकला और अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित यह स्टेशन पश्चिमी राजस्थान की नई पहचान बनने जा रहा है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार जैसलमेर रेलवे स्टेशन का नया मुख्य स्टेशन भवन G+2 संरचना में लगभग 8,327 वर्गमीटर क्षेत्र में निर्मित किया गया है। भवन के बाहरी भाग में जैसलमेर के प्रसिद्ध स्वर्णिम पीले पत्थर का उपयोग किया गया है, जिससे स्टेशन को शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप भव्य हेरिटेज स्वरूप मिला है। विशाल प्रवेश एवं निकास द्वार इसकी आकर्षक पहचान को और सशक्त बनाते हैं।
स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए 10 लिफ्ट, 10 एस्केलेटर, प्लेटफॉर्मों को जोड़ने वाले 6 मीटर चौड़ाई के दो फुट ओवरब्रिज, विशाल एयर कॉनकोर्स, आधुनिक प्रतीक्षालय, विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया, सुव्यवस्थित पार्किंग, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं तथा 480 वर्गमीटर वाणिज्यिक क्षेत्र विकसित किया गया है। तीनों प्लेटफॉर्मों पर 10 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में आधुनिक शेड लगाए गए हैं, जिससे यात्रियों को हर मौसम में बेहतर सुविधा मिलेगी।
जैसलमेर क्षेत्र में पर्यटन सीजन के दौरान होने वाले उच्च यात्री आवागमन की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप स्टेशन की सभी प्रमुख वाणिज्यिकी परिसंपत्तियों के आवंटन का सफलतापूर्वक आउटसोर्स किया जा चुका है। जिनमें से स्टेशन परिसर में स्थापित कियोस्कों, रिटायरिंग रूम एवं डॉरमेटरी, एयर कॉनकोर्स से सटे वेटिंग लाउंज एवं मल्टी-पर्पज हॉल तथा आधुनिक वाहन पार्किंग सुविधाएं विकसित की गई है। इसी प्रकार जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट एवं कैटरिंग स्टॉलों की सुविधाएं भी विकसित की गई है। इन वाणिज्यिकी परिसंपत्तियों के प्रभावी उपयोग से रेलवे को प्रतिवर्ष लगभग 50 लाख रुपये की गैर-किराया आय प्राप्त होने का अनुमान है।
यह उपलब्धि जैसलमेर रेलवे स्टेशन की परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग से गैर-किराया राजस्व में वृद्धि तथा यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पर्यटन नगरी जैसलमेर में विकसित यह आधुनिक रेलवे स्टेशन यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ क्षेत्रीय पर्यटन, स्थानीय व्यापार तथा आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव