हिंदी पत्रकारिता पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित: उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा पत्रकार सम्मानित

 


जयपुर, 30 मई (हि.स.)। हिंदी पत्रकारिता में मील का पत्थर माने जाने वाले देश के पहले हिंदी समाचार पत्र 'उदन्त मार्तण्ड' के प्रकाशन के 200 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर ग्रासरूट मीडिया फाउंडेशन द्वारा शनिवार को एक राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। झालाना संस्थानिक क्षेत्र स्थित राजस्थान प्रौढ़ शिक्षण समिति के सभागार में आयोजित इस समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया।

समारोह को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए प्रसिद्ध व्यंग्यकार यशवंत व्यास ने कहा, पत्रकारों का सम्मान करना एक सराहनीय पहल है, इससे अच्छी पत्रकारिता को प्रोत्साहन मिलता है। हमें सदैव अपने आधारभूत विचारों का स्मरण रखना चाहिए, क्योंकि उन्हीं से सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है। आज के दौर में हमें एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से घबराने की नहीं, बल्कि उससे सीखने और आगे बढ़ने की आवश्यकता है।

विशिष्ट अतिथि और वरिष्ठ पत्रकार पदम मेहता ने कहा कि युवा पत्रकारों का यह प्रयास होना चाहिए कि उनकी खबरों से आम जनता को राहत मिले। उन्होंने रेखांकित किया कि गंभीर पत्रकारिता पूरी तरह समर्पण का कार्य है।

इस अवसर पर पत्रकार स्वर्गीय श्याम आचार्य की स्मृति में पोलिटिकल पंचायत के हिंगलाज दान चारण को और स्वर्गीय श्रीगोपाल पुरोहित की स्मृति में दैनिक भास्कर डिजिटल के ओमप्रकाश को सम्मानित किया गया।

तकनीकी सत्र एआई का नैतिक उपयोग में आधुनिक दौर की जरूरतों को देखते हुए मीडिया में एआई टूल्स के बेहतर और नैतिक उपयोग को लेकर विषय विशेषज्ञ प्रदीप बीदावत और आलोक आनंद ने उपस्थित पत्रकारों और विद्यार्थियों को व्यावहारिक जानकारी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश