हादसा : ईको वैन पोखर में गिरी,महिला एवं तीन बच्च्चों की मौत

 


धौलपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। पूर्वी राजस्थान के धौलपुर जिले में शनिवार को एक ईको वैन के पोखर में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। हादसा धौलपुर जिले के मनिया थाना इलाके के फूलपुर गांव के पास हुआ। मृतकों में एक महिला उसके दो बच्चे एवं एक अन्य बच्चा शामिल है। हादसे में घायल चार लोगों को उपचार के लिए धौलपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक पडताल में पता चला है कि यह हादसा सड़क पर भरे पानी के कारण जलभराव से लवालव पोखर की जानकारी नहीं मिल पाने के कारण हुआ। हादसे के बाद में मौके पर डीएम और एसपी सहित अन्य पहुंचे तथा राहत और बचाव कार्य किया जा रहा है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक धौलपुर के सैपउ थाना इलाके के तसीमों एवं बीलोनी तथा मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के भराना गांव निवासी करीब एक दर्जन लोग ईको वैन में बैठकर मनिया इलाके के फूलपुर में स्थित जाहरवीर बाबा के थान पर दर्शन करने जा रहे थे। ईको वैन को मनिया थाना इलाके के गांव इच्छापुरा निवासी 47 वर्षीय चालक रामकिशन चला रहा था। शनिवार दोपहर करीब डेढ बजे फूलपुर गांव के पास में जलभराव के चलते पोख्रर का पता नहीं लगने पर ईको वैन सडक किनारे की पोखर में चली गई। ईको वैन को गहरे पानी में डूबते देखकर वैन में सवार लोग चीखने चिल्लाने लगे। तभी आस-पास के ग्रामीणों ने चीख पुकार सुनकर पोखर में डूबते लोगों को बचाने के लिए कूद पडे। ग्रामीणों ने आनन-फानन में कई लोगों को बाहर निकाला। हादसे की सूचना पर हादसे की सूचना मिलने पर डीएम श्रीनिधि बी टी,एसपी विकास सांगवान,मनिया सीओ खलील अहमद तथा मनियां थाना प्रभारी अनिल गौतम सहित एसडीआरएफ की टीम मौके पर पंहुची तथा राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। हादसे में ईको वैन में सवार चार लोगों की मोत हो गई।

हादसे में मारे गए लोगों में सैपउ थाना इलाके तसीमों निवासी शैलेश सिंह की 32 वर्षीय पत्नी सपना तथा उसका एक वर्षीय पुत्र हर्षित और करीब तीन वर्षीय पुत्री प्राची तथा करीब 9 वर्षीय दिव्यांश पुत्र पुष्पेंद्र ठाकुर निवासी भराना थाना देवगढ जिला मुरैना मप्र शामिल हैं। हादसे में गंभीर रुप से घायल गुडडी देवी पत्नी कल्ला आयु करीब 55 वर्ष निवासी बीलोनी थाना कंचनपुर ,सपना पत्नी रामलखन आयु करीब 26 वर्ष एवं रुबी पत्नी सनी उर्फ छोटू आयु करीब 25 वर्ष निवासी इच्छापुरा थाना मनिया एवं कृष्णा पुत्र पप्पू आयु करीब 7 वर्ष निवासी बीलोनी थाना कंचनपुर जिला धौलपुर को उपचार के लिए मनिया अस्पताल लाया गया। जहां से उच्च उपचार के लिए सभी चारों को धौलपुर जिला अस्पताल रैफर किया गया,जहां उनका उपचार चल रहा है। प्रारंभिक पडताल में पता चला है कि लगातार बारिश के कारण इलाके की सड़कों पर पानी भर गया तथा पोखर के लवालव होने के कारण ईको चालक अपना संतुलन खो बैठा और सडक के बजाय ईको वैन पोखर के गहरे पानी में जा गिरी और यह हादसा हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप