हल्दीघाटी के याेद्धा की तरह जुटें विजय उत्सव के लिए - बीपी शर्मा
महाराणा प्रताप जयंती व हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतुःशती उत्सव
उदयपुर, 05 जून (हि.स.)। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती और हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष पूर्ण होने का उत्सव अविस्मरणीय बनाना है। और इसके लिए हर कार्यकर्ता स्वयं को हल्दीघाटी का याेद्धा समझ कर प्राणप्रण से जुट जाए और हल्दीघाटी विजय की गौरव गाथा को गांव-गांव घर-घर तक पहुंचाए।
यह आह्वान वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा ने यहां प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ के तत्वावधान में 17 जून को होने जा रही विशाल राष्ट्र चेतना संकल्प सभा की तैयारियों के लिए आहूत बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं से किया। महाराणा प्रताप जयंती एवं हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतुःशती (450 वर्ष) के उपलक्ष्य में गांधी ग्राउण्ड में होने जा रही इस विशाल सभा को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डाॅ. मोहन भागवत संबोधित करेंगे।
बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रो. शर्मा ने कहा कि ऐसी भीषण गर्मी में हल्दीघाटी युद्ध में मेवाड़ धरा के सपूतों ने अपूर्व शौर्य का प्रदर्शन किया और कईयों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया, उसी शौर्य को आज की पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को स्वयं सेनानी बनना ही होगा और महाराणा प्रताप की हल्दीघाटी विजय गौरव गाथा को जन-जन तक पहुंचाना होगा।
प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के महामंत्री दीपक कुमार शुक्ल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक हेमेन्द्र श्रीमाली के मार्गदर्शन में हुई इस वृहद तैयारी बैठक में पूरे कार्यक्रम के प्रबंध प्रमुख का दायित्व नारायण गमेती तथा प्रबंध सहप्रमुख का दायित्व सीए महावीर चपलोत को सौंपा गया। साथ ही, आवास, भोजन, टेंट, मार्ग सज्जा, मैदान सज्जा, मंच सज्जा, सुरक्षा व्यवस्था, शौर्य प्रदर्शनी, साहित्य सामग्री, जल व्यवस्था, चिकित्सा व्यवस्था, सुविधाएं, स्वच्छता, सत्कार-स्वागत, मीडिया व्यवस्था, पार्किंग, कार्यक्रम केन्द्रीय कार्यालय आदि कार्यों के लिए समितियों का गठन किया गया और दायित्व सौंपे गए।
कार्यक्रम संयोजक सीए महावीर चपलोत ने बताया कि महाराणा प्रताप जयंती पर 17 जून को प्रातः वेला में प्रताप गौरव केन्द्र स्थित महाराणा प्रताप की विशाल बैठक प्रतिमा का प्रतिवर्ष की भांति दुग्धाभिषेक किया जाएगा। इसकी भी तैयारी के लिए अलग से समिति का गठन किया गया है। बैठक का संचालन डाॅ. रमन सूद ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता