स्वच्छ जयपुर – स्वस्थ जयपुर अभियान: परकाेटा क्षेत्र में चला विशेष स्वच्छता अभियान

 


जयपुर, 27 अगस्त (हि.स.)।

नगर निगम द्वारा “स्वच्छ जयपुर – स्वस्थ जयपुर” अभियान के अंतर्गत गुरुवार काे वॉल्ड सिटी क्षेत्र (किशनपोल व हवामहल जोन) में विशेष स्वच्छता अभियान का दूसरा चरण चलाया गया। इससे पहले इस अभियान के प्रथम चरण की शुरुआत 25 अगस्त को सांगानेर व मानसरोवर जोन से की जा चुकी है। अभियान का दूसरा चरण गुरुवार काे छोटी चौपड़ से सुबह 7 बजे प्रारंभ हुआ।

नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा स्वयं पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सुबह 7 बजे से 11 बजे तक करीब चार घंटे वॉल्ड सिटी के प्रमुख क्षेत्रों का भ्रमण किया। आयुक्त कसेरा ने अभियान के दौरान ई-रिक्शा तथा पैदल घूमकर संकरी गलियों व बाजार क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम में अतिरिक्त आयुक्त, जोन डीसी किशनपोल व हवामहल, डीसी हेल्थ तथा डीसी विजिलेंस भी पूरे समय मौजूद रहे।

भ्रमण के दौरान अभियान में क्षेत्र की विशेष सफाई के साथ-साथ फॉगिंग मशीनों का उपयोग किया गया, ताकि मानसून के बाद फैलने वाली मच्छरजनित व मौसमी बीमारियों की प्रभावी रोकथाम की जा सके।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ओम कसेरा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों व सफाई कर्मचारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने खुले कचरा डिपो को तत्काल साफ करवाने, कचरा संग्रहण व परिवहन व्यवस्था को सुचारू रखने, तथा क्षेत्र में बह रहे सीवर व नालों के रखरखाव व नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के बाद डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए फॉगिंग व साफ-सफाई का कार्य निरंतर जारी रहना चाहिए।

आयुक्त कसेरा ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल एक बार का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इस तरह के विशेष स्वच्छता अभियान नियमित रूप से जयपुर के सभी 13 जोन में चलाए जाएंगे, जिससे पूरे शहर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके और नागरिकों को स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

अभियान में सफाई कर्मचारियों, सुपरवाइजरों तथा संबंधित अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। नगर निगम ने आमजन से भी अपील की है कि वे अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि “स्वच्छ जयपुर – स्वस्थ जयपुर” के संकल्प को साकार किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश