स्पोर्ट्स कार्निवल 6 मार्च से होगा शुरू: डिज़ाइनर्स और आर्किटेक्ट्स दिखाएंगे खेल प्रतिभा

 


जयपुर, 05 मार्च (हि.स.)। जयपुर रीजनल चैप्टर द्वारा आयोजित फ्लैगशिप स्पोर्टिंग इवेंट ‘स्पोर्ट्स कार्निवल 2026 का सातवां एडिशन 6 से 8 मार्च तक सवाई मान सिंह स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय इस आयोजन में शहर के डिज़ाइनर्स और आर्किटेक्ट्स खेल प्रतियोगिताओं के साथ आपसी मेलजोल और नेटवर्किंग का अवसर प्राप्त करेंगे।

चैप्टर चेयरमैन, क्षितिज मनु ने बताया कि यह आयोजन अब डिज़ाइन फ्रेटरनिटी का एक महत्वपूर्ण वार्षिक कार्यक्रम बन चुका है। जो प्रोफेशनल जीवन के साथ-साथ फिटनेस, टीम भावना और आपसी जुड़ाव को भी बढ़ावा देता है। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के यूथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स विभाग के सचिव आईएएस, डॉ. नीरज कुमार पवन मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस वर्ष प्रतियोगिता में छह टीमें, प्रिमार्क सुपर किंग (आशीष गुप्ता), लैंटर्न लेजेंड्स (संदीप जैन), तालुका फाइटर्स (निखिल तालुका), अल्फिन रॉयल्स (तुलसी राम मोदी), मंगल टाइटन्स (शिव अग्रवाल), और वर्सटाइल वाइकिंग्स (रीधम सुद्रानिया) हिस्सा लेंगी।

नेशनल एग्जीक्यूटिव मेंबर, शीतल कुमार अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष आयोजन में पहली बार महिला क्रिकेट और किड्स क्रिकेट प्रतियोगिताएं शामिल की गई हैं, जिससे सभी आयु वर्ग की भागीदारी बढ़ेगी। सेक्रेटरी, शिखा सिंह के अनुसार, कार्निवल में क्रिकेट के अलावा बैडमिंटन, टेबल टेनिस, टेनिस, गोल्फ, ट्रैक एंड फील्ड इवेंट्स और फन रेस जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। पास्ट चेयरमैन, आशीष काला ने बताया कि लॉन्च कार्यक्रम के दौरान ट्रॉफी, टीम जर्सी और स्पोर्ट्स गियर का अनावरण किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश