स्कूल-पीजी हॉस्टल और घरों में बिजली चोरी पकड़ी, 13.70 लाख का जुर्माना
जयपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। जयपुर डिस्कॉम की सतर्कता शाखा ने बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को आमेर, कानोता और हाथोज क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्कूल, एक पीजी हॉस्टल तथा आठ आवासीय परिसरों में बिजली चोरी और अनाधिकृत विद्युत उपयोग का मामला पकड़ा।
कार्रवाई के दौरान कुल 10 वीसीआर (विजिलेंस चेक रिपोर्ट) भरते हुए करीब 13 लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सतर्कता) महेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि अधिशाषी अभियंता (सतर्कता) केसी गुप्ता के नेतृत्व में आमेर क्षेत्र तथा कानोता के विजयपुरा और राजपूतों की ढाणी में सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान आठ आवासीय परिसरों में एलटी (लो टेंशन) पोल पर अवैध तरीके से तार (आंकड़े) डालकर बिजली का अनाधिकृत उपयोग किया जा रहा था। इस पर संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ वीसीआर भरते हुए करीब 5.14 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
वहीं, सहायक अभियंता (सतर्कता) निशी कुमारी के नेतृत्व में हाथोज क्षेत्र में की गई जांच के दौरान एक स्कूल और एक पीजी हॉस्टल में भी बिजली चोरी का मामला सामने आया। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए वीसीआर भरकर संबंधित संस्थानों पर करीब 8.56 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। जयपुर डिस्कॉम के अधिकारियों ने बताया कि बिजली चोरी और अनाधिकृत विद्युत उपयोग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे वैध विद्युत कनेक्शन का ही उपयोग करें और किसी भी प्रकार की बिजली चोरी से बचें, अन्यथा नियमानुसार कठोर कार्रवाई के साथ आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित