सेना के जवान का अपहरण, पत्नी से मांगी 10 लाख की फिरौती; लेनदेन विवाद से जुड़ा शक

 


सीकर, 08 सितंबर (हि.स.)। जिले के खंडेला में सोमवार रात सेना के एक जवान के अपहरण से सनसनी फैल गई। 32 वर्षीय जवान श्रीराम सिहाग प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए छुट्टी पर घर आया हुआ था। सोमवार रात केरपुरा बस स्टैंड के पास कोचिंग से घर लौटते समय 5-6 बदमाश उसे कथित रूप से जबरन गाड़ी में डालकर ले गए। मौके पर जवान की बाइक और हेलमेट पड़े मिले।

घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने जवान के परिजनों को सूचना दी।

परिजनों के अनुसार रात में श्रीराम के मोबाइल से उसकी पत्नी के पास फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि श्रीराम उनके पास सुरक्षित है और जल्द बैंक खाते की जानकारी भेजी जाएगी। इसके बाद 10 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई और धमकी देते हुए फोन काट दिया गया। परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर जवान की तलाश शुरू की। पुलिस ने मामले में जवान के भाई शेर सिंह की रिपोर्ट पर जांच शुरू की है।

प्रारंभिक जांच में जवान के किसी दूसरे फौजी के साथ पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। जवान के भाई ने करौली जिले में तैनात रहे एक अन्य फौजी पर अपहरण करवाने की आशंका जताई है। परिजनों के अनुसार पश्चिम बंगाल में पोस्टिंग के दौरान श्रीराम का उक्त जवान से लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था।

थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की आशंका के आधार पर पुलिस की एक टीम करौली के लिए रवाना की गई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

परिजनों के अनुसार श्रीराम सिहाग वर्ष 2013 में सेना में भर्ती हुआ था और वर्तमान में उसकी पोस्टिंग पंजाब में थी।

वह करीब 3-4 महीने से छुट्टी पर था और एसआई भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहा था। पुलिस के सामने फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती जवान का पता लगाना और अपहरण की पूरी घटना की कड़ियां जोड़ना है। पुलिस मोबाइल कॉल, संदिग्धों और लेनदेन विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित