सूर्यनगरी में मानसून की पहली झमाझम : निचली बस्तियों में भरा पानी, सडक़ेंं लबालब

 


जोधपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। मारवाड़ में सोमवार को दक्षिण पश्चिम मानसून की एंट्री से कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। जोधपुर शहर में एक घंटे तक जमकर बरसे बदरा से निचली बस्तियों में एक ओर जहां पानी भर गया वहीं सडक़ें भी पानी से लबालब हो गई। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के प्रेशर से मानसून तीव्र गति से आगे बढ़ते हुए पश्चिम राजस्थान में प्रवेश कर गया।

जोधपुर में हालांकि दो दिन पहले मानसून प्री की अच्छी बारिश हुई थी। मानसून पूर्वी -दक्षिणी राजस्थान में सक्रिय हो रखा था, अब बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर से यह आगे बढ़ते हुए मारवाड़ में प्रवेश कर गया है। आज सुबह सूर्यनगर में घने काले बादल आसमां में नजर आने लगे थे। पहले रिमझिम बारिश हुई फिर देखते ही देखते यह मूसलाधार में तब्दील हो गई।

सुबह हुई बारिश से शहर की सडक़ों पर पानी भर गया वहीं घरों में भी परनाले चलनी लगी। निचली बस्तियों में भी काफी पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आगामी सप्ताह भर तक मानसून की गतिविधियां जारी रहने की संभावना मौसम विभाग ने जारी की है। राजस्थान के कई जिलों में भारी तो कहीं अतिभारी बारिश की संभावना जताई जाती है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश