सीकर नगर परिषद में कांग्रेस की पहली जीत, वार्ड 65 से माया देवी निर्विरोध निर्वाचित
सीकर, 02 सितंबर (हि.स.)। सीकर नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस ने पहली जीत दर्ज की है। वार्ड संख्या 65 से कांग्रेस प्रत्याशी माया देवी निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। उनके निर्विरोध निर्वाचन के बाद वार्ड के कुछ लोगों ने भाजपा के जिला महामंत्री भंवरलाल वर्मा के खिलाफ नारेबाजी की।
वार्ड संख्या 65 से कांग्रेस की माया देवी, भाजपा की ओर से चूका देवी और पिंकी पंवार तथा निर्दलीय प्रत्याशी सरिता ने नामांकन दाखिल किया था। भाजपा ने पिंकी पंवार को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था। चूका देवी का नामांकन खारिज हो गया, जबकि पिंकी पंवार और निर्दलीय प्रत्याशी सरिता ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद माया देवी निर्विरोध निर्वाचित हो गईं। माया देवी के परिवार से पहले उनकी सास सुगनी और उससे पहले ननद रेशमा भी पार्षद रह चुकी हैं।
माया देवी के निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद वार्ड के कुछ लोग भाजपा के प्रधान कार्यालय पहुंचे और जिला महामंत्री भंवरलाल वर्मा के खिलाफ नारेबाजी की। वार्ड निवासी दीपक ने आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों ने चूका देवी का भाजपा से नामांकन करवाया था, लेकिन जिला महामंत्री भंवरलाल वर्मा ने पिंकी पंवार को पार्टी का टिकट दिलाया। पिंकी पंवार के नामांकन वापस लेने से कांग्रेस प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गईं।
दीपक ने आरोप लगाया कि वार्ड के लोगों के साथ अन्याय हुआ है और पिछले दस वर्षों से कांग्रेस के पार्षदों का काम देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि वार्डवासियों की सुनवाई नहीं होती और टिकट वितरण के कारण उनका मतदान का अधिकार प्रभावित हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर