सिविल लाइंस के वार्ड 49 में 84 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण
जयपुर, 12 मई (हि.स.)। सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 49 में विधायक गोपाल शर्मा ने लगभग 84 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम का आयोजन विश्व हिंदू परिषद क्षेत्रीय कार्यालय, भारत माता मंदिर, भारत माता पथ, सी-स्कीम में हुआ, जहां बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक गोपाल शर्मा ने भारत माता पथ पर 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क, सुभाष कॉलोनी में 30 लाख रुपये की लागत से बनी डामर सड़क तथा अमृत योजना 2.0 के अंतर्गत 24 लाख रुपए की लागत से डाली गई नई सीवर लाइन का लोकार्पण किया।
विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि सिविल लाइंस क्षेत्र में सड़क, सीवर और अन्य मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के माध्यम से क्षेत्रवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
कार्यक्रम को विश्व हिंदू परिषद की राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य जुगल किशोर, क्षेत्रीय संगठन मंत्री राजाराम ने भी संबोधित किया और सर्व समावेशी विकास कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने क्षेत्र को भय भ्रष्टाचार मुक्त बनाने और समरसता को बढ़ावा देने के लिए विशेष तौर पर विधायक शर्मा का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक पार्षद प्रत्याशी अनिल बागड़ा, सिविल लाइंस मंडल अध्यक्ष इंदु परमार, श्याम नगर मंडल अध्यक्ष गौरव अग्रवाल, महामंत्री प्रवीण शर्मा, संजय सैनी, वार्ड अध्यक्ष नरेंद्र सिंह सहित भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश