सिलिकोसिस फर्जी प्रमाण पत्र घोटाले में एक और सरकारी डॉक्टर गिरफ्तार
दौसा, 02 अप्रैल (हि.स.)। सिलिकोसिस के फर्जी प्रमाण पत्र बनाने के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में साइबर थाना पुलिस ने मंगलवार रात एक और सरकारी डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित डॉ. प्रेम कुमार मीना (45) हैं, जो कनिष्ठ विशेषज्ञ (मेडिसिन) होने के साथ मेडिकल बोर्ड के सदस्य भी रह चुके हैं।
साइबर थाना प्रभारी डीएसपी बृजेश कुमार ने बताया कि आरोपित को कोर्ट में पेश किया गया है, जहां से आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में अन्य आरोपितों की तलाश भी जारी है और जल्द और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
इससे पहले पुलिस 30 मार्च को इस मामले में डॉ. मनोज ऊंचवाल, डॉ. डीएन शर्मा और रेडियोग्राफर मनोहर लाल यादव को गिरफ्तार कर चुकी है। इन सभी के खिलाफ 29 जनवरी 2024 को कोतवाली थाने में मामला दर्ज हुआ था।
जांच में सामने आया है कि नवंबर 2022 में सिलिकोसिस कार्ड ऑनलाइन बनने शुरू हुए थे और मात्र 10 महीनों में अकेले दौसा में 2453 कार्ड बनाए गए, जो पूरे प्रदेश के करीब 46 प्रतिशत थे। असामान्य रूप से अधिक संख्या सामने आने पर राज्य स्तर पर जांच शुरू की गई।
जांच के लिए एसएमएस मेडिकल कॉलेज जयपुर की विशेषज्ञ समिति गठित की गई, जिसमें डॉ. सीपी सावरकर, डॉ. मुकेश मित्तल और डॉ. सुनील जाखड़ शामिल थे। साथ ही तत्कालीन जिला प्रशासन ने भी अलग से जांच कराई।
दोनों रिपोर्टों में सामने आया कि बड़ी संख्या में फर्जी प्रमाण पत्र बनाए गए। जिन लोगों को सिलिकोसिस नहीं था, उन्हें भी प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए, जबकि वास्तविक मरीजों के आवेदन खारिज कर दिए गए।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि रेडियोग्राफर द्वारा अपलोड किए गए एक ही एक्स-रे का बार-बार उपयोग कर कई फर्जी प्रमाण पत्र तैयार किए गए। मामले में करौली, चूरू, सीकर, भीलवाड़ा, चौमूं, अलवर और दौसा सहित विभिन्न जिलों के कुल 22 डॉक्टरों और रेडियोग्राफरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जिनमें से 13 आरोपित अकेले दौसा के हैं।
आरोप है कि 413 फर्जी सर्टिफिकेट जारी कर राज्य सरकार को करीब 12.39 करोड़ रुपए का आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस का कहना है कि यह एक संगठित घोटाला है और इसकी तह तक जाने के लिए जांच जारी है। आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित