सिपेट जयपुर में जुटेंगे देश-विदेश के वैज्ञानिक: पेट्रोरसायन तकनीक और पर्यावरण संरक्षण पर होगा मंथन
जयपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय पेट्रो रसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट) जयपुर की ओर से 28 से 30 नवंबर तक 17वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘एपीएम-2026’ का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन का मुख्य विषय ‘विकसित भारत-2047 के लिए उन्नत पेट्रोरसायन सामग्री, सुरक्षा एवं सतत विकास’ रखा गया है। इसमें देश-विदेश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक, शिक्षाविद और उद्योग विशेषज्ञ हिस्सा लेकर पेट्रोरसायन तकनीक, औद्योगिक सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श करेंगे।
सिपेट के महानिदेशक प्रो. (डॉ.) शिशिर सिन्हा ने बताया कि सम्मेलन में पद्म विभूषण से सम्मानित प्रो. एम.एम. शर्मा, पद्म भूषण एवं पद्मश्री सम्मानित डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, पद्मश्री प्रो. गणपति डी. यादव और प्रो. आशुतोष शर्मा सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल होंगी।
सम्मेलन के दौरान शोध पत्र और पोस्टर प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। इनमें उन्नत पॉलिमर सामग्री, औद्योगिक सुरक्षा, प्लास्टिक कचरा प्रबंधन, पुनर्चक्रण और पर्यावरण अनुकूल तकनीकों जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच समन्वय बढ़ाने, नए उद्यमों को प्रोत्साहित करने और विद्यार्थियों में नवाचार की भावना विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां भी होंगी।
इस कार्यक्रम के तहत नए उद्यमों की बैठक, विद्यार्थी नवाचार प्रतियोगिता और युवा भारत नवाचार प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को अपने विचार और तकनीकी नवाचार साझा करने का अवसर मिलेगा।
प्रो. सिन्हा ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और उद्योग जगत के बीच सहयोग को मजबूत करना है। साथ ही पेट्रोरसायन क्षेत्र में सतत विकास और पर्यावरण अनुकूल तकनीकों को बढ़ावा देकर विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में योगदान देना है। सम्मेलन में कई प्रतिष्ठित औद्योगिक कंपनियां और संगठन भी सहयोग कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश