साेशियल इंस्ट्रूमेंट है रेलवे, वंदे भारत-अमृत भारत जैसी दुर्लभ ट्रेनाें से बढ़ रही क्षमता लेकिन कर्मचारी नहीं बढ़ रहे : शिवगाेपाल मिश्रा

 


बीकानेर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। ऑल इंडिया रेलवे मैन्स फैडरेशन (एआईआरएफ) के महामंत्री शिवगाेपाल मिश्रा ने शनिवार काे बीकानेर में कहा कि साेशियल इंस्ट्रूमेंट है रेलवे, जाे देश के लगभग हर परिवार काे परिवहन देता है। वर्तमान परिदृश्य में गाड़ियां बढ़ रही है, पैसेंजर बढ़ रहे हैं। वंदे भारत-अमृत भारत जैसी शानदार ट्रेनें आ रही है, लेकिन क्षमता बढ़ने के बाद भी कर्मचारी नहीं बढ़ रहे हैं। मिश्रा ने कहा कि रेलवे के विभिन्न विभागाें में आउटसाेर्सिंग बढ़ती ही जा रही है। एआईआरएफ इसका विराेध कड़े रुप में कर रहा है। इसी सिलसिले में आगामी 8 अक्टूबर काे नई दिल्ली में राष्ट्रीय सम्मेलन बुलाया गया है, जिसमें भावी रणनीति तय की जाएगी।

नाॅर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलाॅइज यूनियन के सालाना अधिवेशन में भाग लेने आए मिश्रा ने पत्रकाराें से बातचीत करते हुए कहा कि 2 लाख वैकेंसी सेफ्टी में पेंडिंग है। वर्तमान में 5.50 लाख आउटसाेर्स वर्कर है जाे रेलवे संचालन में मदद का काम कर रहे हैं। रेलवे की क्षमता बढ़ गयी लेकिन कर्मचारी नहीं बढ़ रहे हैं। इससे सिस्टम काे खतरा है। हम हाइएस्ट लेवल में आगाह कर रहे हैं। आउटसाेर्स वर्कर काे काम में घंटे नहीं, अपाॅइंटमेंट नहीं, काेई सुविधा नहीं। लेबर काेर्ट ने भी सुविधा देने के लिए कहा है। उन्हाेंने कहा कि हमने सभी केटेगरी की कार्य जाेखिम और कर्मचारियाें की भावनाओं के अनुरुप आयाेग काे उचित वेतन, भत्ते और सुविधाओं से संबंधित सिफारिशाें के लिए विस्तृत मेमाेरेंडम प्रस्तुत किया है। उन्हाेंने यह भी कहा कि रेलवे बोर्ड पीएनएम में हमने रेलकर्मियाें से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की है। जिसमें ट्रैक मैंटेनर की पेट्राेलिंग 12 किमी करने, सीधी भर्ती के 10 प्रतिशत पद कम करके एलसीडीई ओपन करने, रनिंग सहित विभिन्न केटेगरी की रिक्तियाें काे भरने, एस एंड टी और टीआरडी में पदाें का सृजन करना आदि प्रमुख है।

नाॅर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन के महामंत्री मुकेश माथुर ने कहा कि जीडीसीई की नई अधिसूचना शीघ्र जारी कराने, कंट्राेलर की पदोन्नति कराने सहित जाेनल स्तरीय मुद्दाें के साथ-साथ विभिन्न मांगाें के प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी। अधिवेशन में माेबाइल स्क्रीन का सीमित एवं एआई का आवश्यकतानुसार ही उपयाेग करने संबंधी प्रस्ताव भी लाया जाएगा।

नाॅर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन के कार्यवाहक अध्यक्ष जे.आर. भाेसले ने कहा कि कैडर रिस्ट्रक्चरिंग में कई कैटेगरी में उच्च ग्रेड के पदाें के प्रतिशत बढाने पर सहमति हुई है, लेकिन रेलवे बोर्ड से आदेश जारी हाेने में अनावश्यक विलंब हाे रहा है। रनिंग स्टाफ काे आयकर में किमी भत्ता के 70 प्रतिशत भाग पर स्थायी रुप से छूट देने की मांग रेलवे बोर्ड पीएनएम में जाेरदार तरीके से उठायी है।

इस अवसर पर नाॅर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन के मंडल सचिव गणेश स्वरुप वशिष्ठ, मोहम्मद सलीम क़ुरैशी सहित अनेक माैजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव