साइबर ठगी और बैंकिंग सुरक्षा को लेकर किया जागरूक

 


राजस्थान ग्रामीण बैंक में साइबर जागरूकता शिविर आयोजित

जोधपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। वित्तीय जागरूकता एवं साइबर सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजस्थान ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय, जोधपुर द्वारा विजिलेंस अवेयरनेस, साइबर फ्रॉड एवं मनी म्यूल अकाउंट्स विषय पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रबंधक आशुतोष कुमार तथा साइबर पुलिस से प्रेम चौधरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान प्रतिभागियों को डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी की नई तकनीकों, मनी म्यूल अकाउंट्स के गंभीर कानूनी परिणामों तथा बैंकिंग सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने आमजन को ओटीपी, यूपीआई, पिन, पासवर्ड एवं अन्य बैंकिंग क्रेडेंशियल्स किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही संदिग्ध कॉल, लिंक एवं ऑनलाइन ऑफरों से सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बैंक के शाखा कर्मचारियों एवं ग्राहकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

वक्ताओं ने ईमानदारी, पारदर्शिता एवं भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए साइबर अपराधों के विरुद्ध सामूहिक जागरूकता एवं सतर्कता को सबसे प्रभावी उपाय बताया। इस अवसर पर बैंक एवं पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से साइबर अपराधों की रोकथाम तथा सुरक्षित बैंकिंग वातावरण सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश