सांख्यिकी अधिकारी प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन 30 अगस्त को

 


अजमेर, 21 अगस्त(हि.स.)। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा सांख्यिकी अधिकारी (सांख्यिकी विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2025 का आयोजन 30 अगस्त 2026 को प्रात: 11 से दोपहर 1.30 बजे तक किया जाएगा। परीक्षांतर्गत ओएमआर उत्तर पत्रक के पांचवें विकल्प को भरने के लिए 10 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा।

अभ्यर्थी उक्त परीक्षा के लिए आवंटित परीक्षा जिला की जानकारी 23 अगस्त से एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर प्राप्त कर सकेंगे। प्रवेश पत्र 27 अगस्त 2026 को आयोग की वेबसाइट एवं एसएसओ पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। अतः अभ्यर्थी समयांतर्गत प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लेवें। इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

प्रवेश-पत्र आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध एडमिट कार्ड लिंक के माध्यम से आवेदन-पत्र क्रमांक व जन्म दिनांक प्रविष्ट कर डाउनलोड किए जा सकेंगे। इसके अतिरिक्त एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर सिटीजन ऐप्स में उपलब्ध रिक्रूटमेंट पोर्टल लिंक से भी प्रवेश-पत्रों को डाउनलोड किया जा सकता है। परीक्षा केन्द्र पर किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा प्रारंभ होने के 60 मिनट पूर्व तक ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके पश्चात् किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष