सवाई माधोपुर स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान, 40 बिना टिकट यात्री पकड़े
कोटा, 12 जुलाई (हि.स.)। मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा के मार्गदर्शन में कोटा रेल मंडल द्वारा रेल राजस्व की सुरक्षा और बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष टिकट जांच अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन पर विशेष 'किलाबंदी' टिकट जांच अभियान चलाया गया, जिसमें 40 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए। उनसे किराया और जुर्माना मिलाकर 32 हजार 130 रुपये वसूले गए।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस अभियान का नेतृत्व मुख्य वाणिज्य निरीक्षक आतिश महेश्वरी, मुख्य टिकट निरीक्षक राकेश पीपल, हनुमान प्रसाद मीना और फूल मीना ने किया। अभियान में चल टिकट निरीक्षक के.के. मीना, शिवचरण मीना, देवेंद्र सिंह, रामविलास मीना, कुंजीलाल मीना और विजय सिंह सहित कुल नौ टिकट जांच कर्मियों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान स्टेशन के निकास मार्गों की घेराबंदी कर आठ ट्रेनों से आने-जाने वाले यात्रियों के टिकटों की सघन जांच की गई। जांच में 40 यात्री बिना वैध टिकट यात्रा करते पाए गए, जिनसे किराया एवं जुर्माना मिलाकर कुल 32 हजार 130 रुपये की वसूली की गई।
सौरभ जैन ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगाना ही नहीं, बल्कि 20 जून 2026 से लागू जन विश्वास (संशोधन उपबंध) अधिनियम, 2026 के तहत रेलवे अधिनियम में किए गए संशोधित प्रावधानों के प्रति यात्रियों को जागरूक करना भी था। अभियान के दौरान यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने तथा रेलवे नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव