सरकारी कॉलेजों में स्नातक प्रथम सेमेस्टर प्रवेश प्रक्रिया शुरू

 


जयपुर, 01 मई (हि.स.)। कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रदेश के सभी राजकीय महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम सेमेस्टर प्रवेश प्रक्रिया का विस्तृत ऑनलाइन कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत प्रदेशभर के सरकारी कॉलेजों में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी 1 मई 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

कार्यक्रम के अनुसार विद्यार्थी 15 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन पत्र भर सकेंगे, जबकि आवेदन पत्रों का सत्यापन 19 मई तक किया जाएगा। इसके बाद 20 मई को अंतिम वरीयता सूची एवं प्रतीक्षा सूची जारी की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को 25 मई तक ई-मित्र के माध्यम से शुल्क जमा कराना होगा। प्रथम प्रवेश सूची 27 मई को जारी होगी, जबकि 29 मई को वर्ग निर्धारण एवं विषय आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

यदि प्रथम चरण के बाद सीटें रिक्त रहती हैं, तो श्रेणीवार रिक्त सीटों के लिए 29 मई से 4 जून तक दोबारा आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।

इन आवेदनों का सत्यापन 6 जून तक होगा तथा 8 जून को रिक्त सीटों की सूची जारी की जाएगी। दस्तावेज सत्यापन एवं शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथि 11 जून निर्धारित की गई है। इसके बाद 15 जून को प्रवेश सूची जारी होगी और 16 जून को वर्ग निर्धारण व विषय आवंटन किया जाएगा।

डिफॉल्टर विद्यार्थियों के लिए भी विशेष अवसर दिया गया है। इस चरण में 16 जून को वरीयता सूची जारी होगी। संबंधित विद्यार्थियों को 20 जून तक दस्तावेज सत्यापन एवं शुल्क जमा कराना होगा, जबकि अंतिम प्रवेश सूची 22 जून को जारी की जाएगी।

कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय के अनुसार स्नातक प्रथम सेमेस्टर के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का नियमित शिक्षण कार्य 1 जुलाई 2026 से प्रारंभ कर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित