सम्राट पृथ्वीराज चौहान की 860वीं जयंती पर सम्मान समारोह सात को
जोधपुर, 03 जून (हि.स.)। भारतेश्वर सम्राट पृथ्वीराज चौहान संस्थान की बैठक महाराजा गजसिंह राजपूत विश्राम सभा भवन राइकाबाग स्थित कार्यालय में हुई। इसमें सम्राट पृथ्वीराज चौहान की 860वीं जयंती सात जून को बाड़मेर के मल्लिनाथ राजपूत महाविद्यालय छात्रावास में संभाग स्तरीय कार्यक्रम के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली छह विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।
संस्थान अध्यक्ष गोपाल सिंह रुदिया ने बताया कि यह समारोह केवल सम्राट पृथ्वीराज चौहान की जयंती नहीं, बल्कि उनके प्रमुख वीर योद्धा सहयोगियों के स्मरण का अवसर भी है। प्रवक्ता दयाल सिंह सिलारी ने बताया कि सम्राट के मंत्रिमंडल में विभिन्न राजपूत वंशों के प्रमुख योद्धा शामिल थे, जिनके सहयोग और सर्वसम्मति से लिए गए निर्णयों के कारण उन्हें 26 वर्ष के जीवन में 52 युद्धों में विजय प्राप्त हुई।
बैठक में संस्थान संयोजक श्यामसिंह सजाड़ा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम सिंह रोहिणा, समन्वयक गोपाल सिंह भलासरिया, महासचिव एडवोकेट राजेंद्र सिंह पीपरली, कोषाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह सजाड़ा, देवेंद्र सिंह, विक्रम सिंह भाचरना, पूनम सिंह संखवास, देवेंद्रसिंह सायला, संग्राम सिंह रोहिचा, राजबहादुर सिंह सिलारी, परविंदर सिंह पांचला, बनेसिंह सजाड़ा व कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे।
इस अवसर पर रविंद्र सिंह राठौड़ को वीरता के क्षेत्र में पंजवनराय कच्छवाह सम्मान, क्षत्रिय सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति सिंगोली चारभुजा को समाज उत्थान के क्षेत्र में चामुंडराय दाहिमा सम्मान, शैतान सिंह गिरवर एडवोकेट को संस्कृति संरक्षण के क्षेत्र में अजानबाहु लोहाना तंवर सम्मान, कमल सिंह महेचा चुली को शिक्षा उत्थान के क्षेत्र में विद्यावाचस्पति जयानक सम्मान, सुमेरसिंह सावता व टीम ओरण को पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नाहडऱाव प्रतिहार सम्मान, कालू सिंह गंगासरा को कला, संस्कृति एवं साहित्य के क्षेत्र में चंद्रवरदाई सम्मान मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश