सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर छह सफाई कर्मचारियों पर गिरी गाज

 




जयपुर, 24 मार्च (हि.स.)। नगर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने मंगलवार को किशनपोल जोन एवं सिविल लाइंस जोन के विभिन्न स्थानों की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया साथ ही सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले सफाई कर्मचारियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देष भी दिये है। सांगानेर जोन में सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर 2 कार्मिकों के विरूद्ध 17 सीसीए एवं 16 सीसीए की कार्रवाई की गई। आदर्श नगर जोन में 2 सफाई कर्मचारियों के विरूद्ध 17 सीसीए की कार्रवाई की गई। मालवीय नगर जोन में जोन का औचक निरीक्षण करने पर अनुपस्थित रहने, आवंटित वार्ड क्षेत्र में सफाई नहीं पाये जाने पर साथ ही काॅल सेन्टर से प्राप्त शिकायतों का समय पर निस्तारण नहीं किये जाने पर, जगह-जगह कचरे के ढेर पाये जाने पर 2 सफाई कर्मचारियों पर 17 सीसीए की कार्रवाई की गई।

आयुक्त ने मंगलवार को सरदार पटेल मार्ग से सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण प्रारंभ किया इसके बाद भी गणपति प्लाजा अमरापुरा, कलेक्ट्री सर्किल, हसनपुरा पुलिया के आसपास के स्थानों की सफाई व्यवस्था को देखा, आयुक्त को हसनपुरा पुलिया के आसपास की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए डिवाइडर गंदा मिला जिसके बाद संबंधित सीएसआई को पाबंद किया। इसके साथ ही आसपास के बाजारों में दुकानों पर गंदगी देखकर उन्होंने नाराजगी जताई साथ ही दुकानदारों को दुकानों के बाहर डस्टबिन रखने की हिदायत भी थी। आयुक्त इसके पश्चात बनीपार्क स्थित फायर स्टेशन पर भी पहुंचे उन्होंने हाजरी रजिस्टर चेक किया जिसमें 3 अग्निशमन अधिकारी एवं अन्य कार्मिक अनुपस्थित मिले जिस पर आयुक्त ने नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए।

इसके साथ ही मंगलवार को सभी वार्ड ओआईसी ने आवंटित वार्ड की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। सभी वार्ड ओआईसी ने खुद खड़े होकर भी सफाई करवाई जो लोग गंदगी फैला रहे थे उनसे भी झाड़ू लगवा कर उसे जगह को साफ करवाया तथा दुकानदारों, आमजन को अपने आस-पास सफाई रखने की समझाइश भी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश