सदियों तक याद रखा जाएगा महाराणा प्रताप का गौरवशाली इतिहास: प्रो. राठौड़
महाराणा प्रताप जयंती मनाई, अश्वारूढ़ प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित, पौधारोपण किया
जोधपुर, 17 जून (हि.स.)। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती बुधवार को श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर रातानाडा स्थित गणेश मंदिर की तलहटी में स्थापित महाराणा प्रताप की अश्वारूढ़ प्रतिमा पर श्रद्धापूर्वक पुष्पांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में जेडीए के पूर्व अध्यक्ष प्रो. महेंद्र सिंह राठौड़ ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर महाराणा प्रताप को नमन किया। इस दौरान राठौड़ ने कहा कि महाराणा प्रताप का गौरवशाली इतिहास सदियों तक याद रखा जाएगा। उन्होंने अपने अदम्य साहस, स्वाभिमान और वीरता के बल पर मुगलों के विरुद्ध संघर्ष कर मातृभूमि की रक्षा की। उनका जीवन देशभक्ति, त्याग और स्वाभिमान का प्रतीक है, जो आज भी युवाओं को प्रेरणा प्रदान करता है।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपनाने तथा राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लेकर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही यहां पर पौधारोपण भी किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश