शेरगढ़ के एक वार्ड से कांग्रेस-प्रत्याशी की निर्विरोध जीत तय
जोधपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। पंचायत चुनाव के पहले चरण को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। पहले चरण में जिले की शेरगढ़, चाबा, आगोलाई, चामू, सेखाला, बालेसर में पहले चरण में चुनाव होने हैं। इनमें करीब 233 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इनमें शेरगढ़ के 15 नंबर वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी गंगा सिंह की निर्विरोध जीत तय है। दूसरी तरफ बालेसर पंचायत समिति के 15 नंबर वार्ड में एक ही नाम के दो प्रत्याशी आमने-सामने हैं। यहां के वार्ड नंबर 15 से भाजपा और कांग्रेस के दोनों प्रत्याशियों का नाम भोमाराम है। पंचायत चुनाव में 37 अभ्यर्थियों ने अपने नाम वापस लिए है। अब कुल 233 अभ्यर्थी चुनावी मैदान में हैं। इनमें चाबा से 45, शेरगढ़ से 38, आगोलाई से 44, सेखाला 30, बालेसर से 38 और चामू से 38 अभ्यर्थी चुनावी मैदान में हैं। साथ ही शेरगढ़ और सेखाला पंचायत समितियों से 1-1 अभ्यर्थी निर्विरोध चुने गए। इसी प्रकार पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के अंतर्गत 17 पंचायत समितियों के 261 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए द्वितीय चरण की नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन गुरूवार को 251 अभ्यर्थियों द्वारा 269 नामांकन प्रस्तुत किए गये। इस प्रकार अब तक कुल 306 अभ्यर्थियों ने 327 नामांकन प्रस्तुत किए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश