शादी से पहले मंदिर दर्शन कर लौट रहे परिवार की कार टकराई, दादा-पोती की मौत

 


नागौर, 21 मार्च (हि.स.)। जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। मंदिर में धोक देकर लौट रहे परिवार की कार सामने से आ रही दूसरी कार से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों गाड़ियों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

यह हादसा जायल थाना क्षेत्र के तरनाऊ गांव के पास हुआ। पुलिस के अनुसार ओवरटेक करने के दौरान यह टक्कर हुई। हादसे में कोलिया निवासी 67 वर्षीय चुनाराम और उनकी दो वर्षीय पोती गर्विता की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने पूरे माहौल को गम में बदल दिया।

हादसे में दोनों गाड़ियों में सवार कुल नौ लोग घायल हो गए। घायलों में नदीम, मोहिन, इरफान, इमरान, हेमाराम, गोविंद, प्रभुराम और पूनम शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

जानकारी के अनुसार एक कार में सवार परिवार बुटाटी के पास स्थित झुंझाला गुसाईं मंदिर में दर्शन कर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी कार से टक्कर हो गई। जायल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में ओवरटेक के दौरान हादसा होना सामने आया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित