शहर में बदला मौसम का मिजाज : मावट से छूटी धूजणी, कोहरा छाया
जोधपुर, 31 दिसम्बर (हि.स.)। शहर में बुधवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। शहर में सुबह हल्का कोहरा और बादल छाए रहने से मौसम ठंडा हो गया। शाम को कई स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। वहीं ठंडी हवाएं चलने से सर्दी बढ़ गई। शाम तेज आंधी चली और फिर बूंदाबांदी ने मौसम को सर्द कर दिया।
जोधपुर शहर में साल के अंतिम दिन मौसम बदला-बदला नजर आया। शहर में शाम के समय हल्की बूंदाबादी से ठंडक बढ़ गई। हवा में नमी और ठंडक बढऩे से लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लिया। कई इलाकों में लोग सडक़ों और चौपाठियों पर मौसम का आनंद लेते भी नजर आए। इससे पहले सुबह तापमान में गिरावट आने से सर्दी बढ़ गई। शहर में सुबह और शाम के समय सर्दी का असर सबसे ज्यादा महसूस हो रहा है, जिससे लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। दिन में धूप खिलने से थोड़ी राहत मिलती है। दिन में धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी होती है, जिससे लोगों को कुछ देर के लिए सर्दी से राहत मिलती है। इसके बावजूद, ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बनी रहती है और लोग गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। सुबह और शाम की सर्दी से बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग अलाव जलाकर सर्दी से बचाव कर रहे हैं, जबकि शहरों में चाय और गर्म पेय पदार्थों की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक शहर में दो से तीन किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं अगले सात दिन में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 3 और 4 जनवरी को कोहरे का भी अनुमान है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश