विश्व शांति के लिए हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ
जोधपुर, 27 मई (हि.स.)। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर विश्व शांति, मानव कल्याण एवं आध्यात्मिक जागृति के उद्देश्य से विश्वव्यापी सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं श्रीराम नाम जप का आयोजन महंत परमहंस डॉ. रामप्रसाद महाराज के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक डॉ. प्रभात माथुर एवं बृजेश नेपालिया ने बताया कि बड़ा रामद्वारा के परमहंस रामप्रसाद महाराज के मार्गदर्शन में चल रहे इस आध्यात्मिक अभियान से देश-विदेश के अनेक मंदिर, मठ, धार्मिक एवं सामाजिक संगठन जुड़े। इस दौरान सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, श्रीराम नाम जप, दीप प्रज्ज्वलन एवं विश्व शांति के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई।
इंजीनियर निर्मल कुमार माथुर ने बताया कि भारत में जोधपुर सहित जयपुर, उदयपुर, बेंगलूरु, मुंबई, कोयंबटूर, हैदराबाद, हरिद्वार, रांची, पानीपत, भोपाल, इंदौर, सूरत, पुणे एवं अहमदाबाद सहित विश्व के अनेक देशों जैसे न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, जापान, डेनमार्क, जर्मनी एवं मलेशिया में भी इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। जोधपुर शहर में भारत विकास परिषद, पाल बालाजी, पंचमुखी बालाजी, रोटरी बालाजी, गणेश मंदिर रातानाड़ा, दुर्गा मंदिर, सुंदर बालाजी, प्रत्यक्ष बालाजी, महाकालेश्वर मंदिर, सर्वेश्वर महादेव मंदिर, बड़ा गणेश मंदिर, वैशाली एवेन्यू मंदिर, विनायक विहार मंदिर, श्रीराम मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर, शिव मंदिर पब्लिक पार्क, आशुतोष मंदिर, आदेश्वर महादेव मंदिर, चमत्कारी महादेव मंदिर, ठाकुरजी मंदिर एवं शेखावाटी हनुमान मंदिर सहित अनेक धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से श्री हनुमान चालीसा पाठ किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश