विशेष यातायात अभियान में 17 दिन में 1.37 लाख वाहनों पर कार्रवाई, ब्लैक फिल्म वालों पर सबसे ज्यादा शिकंजा
जयपुर, 21 जून (हि.स.)। राजस्थान पुलिस के विशेष यातायात अभियान के तहत प्रदेशभर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई। 4 जून से 20 जून तक चले अभियान में कुल 1 लाख 37 हजार 116 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई दर्ज की गई। सबसे अधिक कार्रवाई वाहनों पर अवैध काली फिल्म लगाने के मामलों में की गई।
पुलिस महानिदेशक (यातायात) अनिल पालीवाल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाना और दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना है। अभियान के दौरान 51 हजार 457 वाहनों से अवैध काली फिल्म हटवाकर कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि नियम विरुद्ध नंबर प्लेट वाले 35 हजार 206 वाहनों, अनधिकृत शब्द अथवा चिन्ह अंकित 19 हजार 62 वाहनों, अवैध रूप से संशोधित 13 हजार 597 वाहनों, लाल-नीली बत्ती अथवा चमकदार संकेतक लगाने वाले 10 हजार 318 वाहनों तथा प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने वाले 7 हजार 476 वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
अभियान के अंतिम चरण में भी कार्रवाई का क्रम जारी रहा। 20 जून को एक ही दिन में 5 हजार 955 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें 2 हजार 151 वाहन अवैध काली फिल्म, 1 हजार 469 वाहन नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 938 वाहन अनधिकृत लेखन अथवा चिन्ह, 611 वाहन अवैध संशोधन, 455 वाहन लाल-नीली बत्ती तथा 331 वाहन प्रेशर हॉर्न के मामलों में पकड़े गए।
जिलेवार कार्रवाई में जयपुर पश्चिम 530 मामलों के साथ प्रथम स्थान पर रहा। इसके बाद जयपुर ग्रामीण में 362, जयपुर यातायात में 344 तथा चित्तौड़गढ़ में 264 मामलों में कार्रवाई दर्ज की गई। अभियान की प्रभावशीलता इस बात से भी स्पष्ट होती है कि यह केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे प्रदेश में समान रूप से संचालित किया गया।
पालीवाल ने कहा कि यातायात नियमों की पालना केवल दंडात्मक कार्रवाई से नहीं, बल्कि जन-जागरूकता और निरंतर प्रवर्तन से सुनिश्चित की जा सकती है। इसी उद्देश्य से ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि सड़कें अधिक सुरक्षित और यातायात व्यवस्था अधिक अनुशासित बन सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश