वर्ल्ड चैंपियनशिप पदक विजेता श्याम सुंदर स्वामी का दिल्ली में सम्मान
बीकानेर, 13 अप्रैल (हि.स.)। पैरा एशियाई तीरंदाजी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के सम्मान में आज युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा दिल्ली में अपने निवास स्थान पर एक गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पैरा ओलंपिक तीरंदाजी खिलाड़ी एवं वर्ल्ड चैंपियनशिप पदक विजेता बीकानेर निवासी श्याम सुंदर स्वामी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
हाल ही में बैंकॉक में आयोजित पैरा एशियाई तीरंदाजी टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए पदक जीतकर तिरंगे का मान बढ़ाया। इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में आयोजित इस सम्मान समारोह में मंत्री ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव